Dehradun
महिला पटवारी निकली उस्ताद, 4500 की रिश्वत लेता रंगे हाथ पकड़ा गया सहायक |

उत्तराखंड : देहरादून विजिलेंस की टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार की महिला पटवारी के नाम पर तैनात एक फर्जी व्यक्ति को ₹4,500 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जहाँ आरोपी व्यक्ति, अनुज कुमार, खुद को भारतीय उर्व मोनिका के तौर पर सहायक बता कर लोगों से अवैध वसूली कर रहा था।
दरअसल, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके द्वारा खरीदे गए भूखंड का नामांतरण करने के लिए उसकी पत्नी के नाम से एक प्रार्थना पत्र तहसील में दाखिल किया गया था। इस प्रक्रिया के लिए महिला पटवारी द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। बुधवार को तहसील हरिद्वार परिसर में फर्जी पटवारी के सहायक के रूप में कार्य कर रहे अनुज कुमार को ₹4,500 की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
सुचना के अनुसार ,इस सराहनीय कार्रवाई के लिए निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने विजिलेंस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कार्य के संपादन हेतु अनधिकृत रूप से धन की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें। ईमेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है – vigh-uk@nic.in।
Dehradun
देहरादून में गोल्ड होलमार्क सेंटर पर दिल्ली की टीम की छापेमारी, कारोबारियों में मचा हड़कंप

Dehradun News : देहरादून के धामावाला बाजार में सोना गलाने और होलमार्किंग का काम करने वाले एक सेंटर पर शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया और स्थानीय पुलिस को इसकी पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई। टीम के अचानक पहुंचने से बाजार में हलचल मच गई। छापेमारी के बाद सेंटर बंद कर दिया गया। वहीं, बाजार में कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
Table of Contents
देहरादून में गोल्ड होलमार्क सेंटर पर दिल्ली की टीम की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, धामावाला बाजार स्थित बीजी होलमार्क सेंटर में सोना गलाने और उसकी होलमार्किंग का काम किया जाता है। बताया जा रहा है कि जिस संपत्ति में ये सेंटर संचालित हो रहा है, वो देहरादून के एक बड़े ज्वैलर की है, जिन्होंने इसे किराये पर दिया हुआ है।
शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची टीम ने अचानक सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई की गोपनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। टीम के पहुंचते ही आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छापेमारी के बाद सेंटर किया गया बंद
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सेंटर को नोटिस भी दिया गया। छापेमारी के बाद सेंटर बंद कर दिया गया। बाजार में यह चर्चा भी रही कि टीम पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तस्करी के सोने से जुड़ी जांच की चर्चा
छापेमारी के बाद सराफा कारोबारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बाजार में विदेश से तस्करी कर लाए गए सोने को गलाने और चोरी के जेवरों को पिघलाकर उनका स्वरूप बदलने जैसी आशंकाओं पर भी चर्चा हुई। सूत्रों की मानें तो कार्रवाई में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस और कस्टम विभाग के अधिकारी शामिल थे। हालांकि, छापेमारी के वास्तविक कारणों और जांच के विषय में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दून पुलिस को नहीं थी कार्रवाई की जानकारी
इस मामले में एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि किसी भी राज्य की पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में देहरादून पुलिस से संपर्क नहीं किया था। उन्होंने कहा कि यदि दून पुलिस के साथ इस मामले की जानकारी साझा की जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Dehradun
अंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी का आरोप, IG ने देहरादून SSP को दिए जांच के निर्देश

Dehradun News : अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सोनी देवी ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
Table of Contents
अंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी का आरोप
अंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी का आरोप लगाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इसकी गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने देहरादून के एसएसपी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार के खिलाफ बोलने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी का आरोप
वायरल वीडियो में सोनी देवी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहती हैं कि उन्हें धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ कहा तो उनके परिवार का पता तक नहीं चलेगा। उन्होंने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से अपनी बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।

सोनी देवी ने इस दौरान अंकिता के चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि इस तरह की बातें करने वालों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
IG ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मामले का संज्ञान लेते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने देहरादून एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क कर उनकी शिकायत प्राप्त की जाए। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
Dehradun
देहरादून में कल बदलेगा ट्रैफिक प्लान, घर से निकलने से पहले देख लें रूट

Dehradun News : प्रकाश पर्व के अवसर पर 21 नवंबर को देहरादून में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक चलेगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।
Table of Contents
देहरादून में कल बदलेगा ट्रैफिक प्लान
शोभायात्रा की शुरुआत पटेलनगर स्थित गुरुद्वारे से होगी। यहां से जुलूस सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शन लाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगा। यहीं शोभायात्रा का समापन होगा।
घर से निकलने से पहले देख लें रूट
यातायात पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर निकाली जाएगी और दाईं ओर से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। हालांकि, जरूरत पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लाल पुल, बल्लीवाला और सहारनपुर चौक से वाहनों को जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शन लाल चौक पहुंचने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
दर्शन लाल चौक और बुद्धा चौक के आसपास भी यातायात के दबाव को देखते हुए रूट में बदलाव किया जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के सुभाष रोड पहुंचने पर वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा। सीएमआई और रेसकोर्स चौक से एमकेपी चौक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इन स्थानों पर रहेंगे बैरियर प्वाइंट
ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर बैरियर लगाए जाएंगे। इन स्थानों से वाहनों को शोभायात्रा के मार्ग पर जाने से रोका जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से शोभायात्रा वाले रास्तों पर जाने से बचने और निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।
नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी की तो लगेगा 1500 रुपये जुर्माना
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से उसे टो किया जाएगा। इसके लिए 1,500 रुपये का जुर्माना देना होगा। इसके अलावा सार्वजनिक रास्तों और चौराहों पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Dehradun21 hours agoदेहरादून में कल बदलेगा ट्रैफिक प्लान, घर से निकलने से पहले देख लें रूट
Dehradun24 hours agoदेहरादून में 13 साल की छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोप, 11वीं के छात्र पर FIR
Ramnagar3 hours agoमां की आंखों के सामने बेटे पर झपटा बाघ, घसीटकर जंगल में ले गया, फिर मिला शव
Dehradun2 hours agoअंकिता भंडारी की मां को जान से मारने की धमकी का आरोप, IG ने देहरादून SSP को दिए जांच के निर्देश
Dehradun1 hour agoदेहरादून में गोल्ड होलमार्क सेंटर पर दिल्ली की टीम की छापेमारी, कारोबारियों में मचा हड़कंप
Haridwar33 minutes agoपंचतत्व में विलीन हुईं योगी आदित्यनाथ की मां, चंडी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि







































