Dehradun
स्कूल–पुल से लेकर वेडिंग डेस्टिनेशन तक! सीएम धामी का बड़ा एक्शन प्लान, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

सीएम धामी का बड़ा एक्शन: जर्जर स्कूल–पुल पर सख्ती, वेडिंग डेस्टिनेशन और स्पिरिचुअल जोन को मिलेगी रफ्तार!
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रदेश के सभी स्कूल भवनों का सुरक्षा ऑडिट किया जाए। जर्जर एवं असुरक्षित स्कूल भवनों में बच्चों को किसी भी स्थिति में न बैठाया जाए। बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां भी स्कूल भवन मरम्मत योग्य हो, वहां शीघ्र मरम्मत कराया जाए और जहां पुनर्निर्माण की आवश्यकता हो, वहां उसकी कार्य योजना बनाकर तत्परता से क्रियान्वयन किया जाए।
प्रदेश के सभी पुलों का भी सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिये हैं। उन्होंने कहा कि जिन पुलों की स्थिति खराब हो रही है, उनका आवश्यकतानुसार मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि पुलों की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जाए और कहीं भी जर्जर पुलों के कारण कोई जनहानि न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रियुगीनारायण और राज्य के अन्य स्थल जो वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किये जा रहे हैं, उनकी कार्यवाही में तेजी लाई जाय। यह राज्य के पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन स्थलों के विकास में गुणवत्ता, सुविधा और सांस्कृतिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, अन्य राज्यों की वेडिंग पॉलिसी का अध्ययन भी किया जाए ताकि उत्तराखंड में एक प्रभावी और आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन नीति विकसित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि राज्य में दो स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन विकसित किये जाने की दिशा में तेजी से कार्य किये जाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन को सुदृढ़ करने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी सशक्त करेगी। संबंधित विभागों को इस दिशा में आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्य योजना बनाकर कार्य करने के उन्होंने निर्देश दिए हैं।
Uttarakhand
देहरादून: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर हुई चर्चा

देहरादून : मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशों पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई एवं राजनैतिक दलों के सुझाव प्राप्त किए गए।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बैठक में बताया कि ड्राफ्ट रोलमें शामिल कुल 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड और विसंगति वाले 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे जिसके कम में 15 लाख से अधिकम नोटिसों की सुनवाई कर दी गई है, शेष पर कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण रुप से नियमनुसार संपादित की जा रही है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों को बताया प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर अतरिक्त तैनाती की गई है।

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से श्री अनिल गोयल, श्री राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री मनोज रावत, मौ० सुलेमान अंसारी, बीएसपी से श्री सत्यपाल, श्री सतेंद्र, श्री जसपाल, श्री सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से श्री श्याम बाबू पांड्य, सीपीआई (एम) श्री अनंत आकाश उपस्थित रहे।
Uttarakhand
एजुकेशन कॉन्क्लेव : राज्यपाल ने गढ़वाल पोस्ट अवॉर्ड्स समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 हस्तियों को किया सम्मानित

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि शिक्षा, विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का समन्वय भविष्य के भारत की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमारी नींव, विज्ञान खोज और समझ की शक्ति तथा एआई ज्ञान और प्रतिभा को नई गति देने वाला माध्यम बनेगा।
राज्यपाल शनिवार को लोक भवन देहरादून में आयोजित एजुकेशन कॉन्क्लेव एवं गढ़वाल पोस्ट अवॉर्ड्स समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गढ़वाल पोस्ट को 30 वर्ष की यात्रा पूरी करने पर संपादक सतीश शर्मा और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गढ़वाल पोस्ट ने तीन दशकों में उत्तराखण्ड के निर्माण, उपलब्धियों, चुनौतियों और आकांक्षाओं को अपनी पत्रकारिता में स्थान दिया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने गढ़वाल पोस्ट समाचार पत्र के 30 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामाजिक सेवा, कला, साहित्य शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर लोगों को सम्मानित किया। सम्मानित किए जाने वालों में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी सहित 30 लोग शामिल थे।
उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र में जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। डिजिटल युग और एआई के दौर में पत्रकारिता में सत्य, तथ्य, विश्वसनीयता और जिम्मेदारी का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि माध्यम बदल सकता है, लेकिन पत्रकारिता के मूल मूल्य नहीं बदलने चाहिए।

उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ ज्ञान पहुंचाया जा सकता है। युवाओं को एआई का केवल उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि निर्माता, शोधकर्ता और नवाचारक बनाना होगा।
इस अवसर पर राज्यपाल के जीवन पर आधारित ‘वातायन-राष्ट्रवादी सिख की जीवन यात्रा’ के काव्य रूपांतरण का लोकार्पण भी किया गया। उन्होंने इसे अपने लिए आत्मीय क्षण बताते हुए लेखक श्री रविन्द्र सैनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी जीवन यात्रा राष्ट्रसेवा, अनुशासन, संघर्ष और सीख की यात्रा रही है तथा यह कृति युवाओं को संकल्प, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि ज्ञान न तो केवल अतीत है, न वर्तमान और न भविष्य, बल्कि यह शाश्वत और निरंतर प्रवाहित होने वाली प्रक्रिया है। भविष्य का निर्माण भी ज्ञान के आधार पर ही होगा। उन्होंने शिक्षा में चिंतन, मनन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने और कौशल विकसित करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य में डिजिटल तकनीक शिक्षा की पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि केवल जानकारी हासिल करना पर्याप्त नहीं, विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन अनुभव देना जरूरी है।
डी2एल के एमडी विवेक अय्यर ने कहा कि तकनीक सीखने की बाधाओं को दूर कर सकती है, लेकिन शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था का स्थान नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि आज तकनीक के माध्यम से भौगोलिक दूरी की बाधा समाप्त कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर विद्यार्थी तक पहुंचाई जा सकती है।
Uttarakhand
Dehradun : नौकरी के नाम पर 32 लाख की धोखाधड़ी करने वाला अभियुक्त नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार

Dehradun : लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त चारू चन्द्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पर स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने का झूठा आश्वासन देकर एक नर्सिंग असिस्टेंट से करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
अभियुक्त खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताकर विभागीय अधिकारियों से पहचान होने का झूठा दावा करता था और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे रकम ऐंठता था।
Table of Contents
शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर 32 लाख की ठगी
दिनांक 17 अगस्त 2026 को वादिनी ने थाना नेहरू कॉलोनी में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत है। उसकी मुलाकात चारू चन्द्र जोशी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी।
वादिनी के अनुसार अभियुक्त ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए उच्चाधिकारियों से संपर्क होने का झूठा आश्वासन दिया। इसके साथ ही उसने वादिनी से शादी करने और उसे स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इस दौरान अलग-अलग तारीखों में उससे करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 331/26, धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने पिथौरागढ़ से किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी में पुलिस टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से अभियुक्त के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है।
सूचना मिलने पर पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस टीम को पिथौरागढ़ भेजा गया। गोपनीय माध्यम से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने 21 अगस्त 2026 को अभियुक्त चारू चन्द्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
इसके बाद उसे पिथौरागढ़ में माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया और देहरादून लाया गया।
पहले स्वास्थ्य विभाग में संविदा फार्मासिस्ट था अभियुक्त
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वर्ष 2016 में संविदा पर स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में जनपद नैनीताल में उसके विरुद्ध धोखाधड़ी और दुष्कर्म के अभियोग पंजीकृत होने पर वह जेल गया था। इसके बाद उसे स्वास्थ्य विभाग की नौकरी से हटा दिया गया था।
जेल से बाहर आने के बाद अभियुक्त ने अपनी पूर्व नौकरी और विभागीय पहचान का फायदा उठाकर लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया।
सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठता था मोटी रकम
पुलिस के अनुसार अभियुक्त खुद को स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त बताते हुए विभागीय अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का झांसा देता था। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा आश्वासन देकर वह उनसे मोटी रकम ऐंठता था।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्तमान प्रकरण में वादिनी से प्राप्त रकम में से अधिकांश धनराशि उसने अपने विरुद्ध पूर्व में दर्ज मुकदमों के सेटलमेंट के लिए संबंधित व्यक्तियों को दे दी है।
पूछताछ में सामने आए तथ्यों का पुलिस द्वारा अभिलेखीय और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।
किसी परीक्षा एजेंसी या चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति से संपर्क के साक्ष्य नहीं
विवेचना में अभियुक्त से पूछताछ और अब तक प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उसके द्वारा नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर लोगों के साथ व्यक्तिगत धोखाधड़ी करना प्रकाश में आया है।
अभियुक्त के किसी भी परीक्षा एजेंसी अथवा चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्तियों से किसी भी प्रकार के संपर्क में होने के कोई साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
चारू चन्द्र जोशी, पुत्र उमेश चन्द्र जोशी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सिली, पोस्ट गरुड़, थाना बैजनाथ, जनपद बागेश्वर। हाल निवासी 14 फ्रेंड्स कॉलोनी, दून एरिया, केयर ऑफ हरीश बिष्ट, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
- मु0अ0सं0- 17/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
- मु0अ0सं0- 41/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
- मु0अ0सं0- 42/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली ऋषिकेश।
- मु0अ0सं0- 84/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
- मु0अ0सं0- 13/2022, धारा 376(2) भादवि, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल।
- मु0अ0सं0- 437/2024, धारा 318(4) बीएनएस, कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
- मु0अ0सं0- 331/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून।
पुलिस टीम
- उ0नि0 मनोज नौटियाल, थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी
- उ0नि0 गिरीश चन्द्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला
- का0 विनोद बचकोटी
- का0 विपिन सेमवाल
- हे0कां0 किरन, एसओजी
- का0 आशीष राठी, एसओजी
Uttarakhand21 hours agoMussoorie Dehradun Road Update: पानी वाले बैंड के पास फिर भूस्खलन, सड़क क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित
Cricket21 hours agoSL vs IND Dream11 Prediction 2nd Test 2026: Pitch Report, Playing 11 & Fantasy Tips
Uttarakhand17 hours agoटनकपुर में सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा,छात्रों को दिए सफलता के मंत्र..
Uttarakhand16 hours agoDehradun : नौकरी के नाम पर 32 लाख की धोखाधड़ी करने वाला अभियुक्त नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार
Uttarakhand17 hours agoDehradun News: चीनी की बढ़ती कीमत और E20 पेट्रोल के खिलाफ देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
Uttarakhand15 hours agoएजुकेशन कॉन्क्लेव : राज्यपाल ने गढ़वाल पोस्ट अवॉर्ड्स समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 हस्तियों को किया सम्मानित
Uttarakhand15 hours agoदेहरादून: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर हुई चर्चा
Cricket2 hours agoSMP vs TGC Dream11 Prediction Qualifier 1 TNPL 2026: Pitch Report, Playing 11 & Fantasy Tips






































