Uttarakhand
उत्तरकाशी: सिलक्यारा सुरंग का निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा, मार्च 2025 तक आरपार !

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में चल रही चारधाम सड़क परियोजना के तहत निर्माणाधीन सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग के बारे में एक सकारात्मक अपडेट सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, मार्च 2025 तक सिलक्यारा सुरंग का निर्माण पूरा हो जाएगा। फिलहाल, पोलगांव बड़कोट छोर से सुरंग की खोदाई का काम लगभग 180 मीटर शेष है, जो आगामी तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि, सिलक्यारा छोर से गत वर्ष हुए भूस्खलन में गिरा मलबा अब तक पूरी तरह से नहीं हटाया जा सका है, जिससे निर्माण में कुछ देरी हो रही है।
सुरंग की खोदाई में हुई देरी
यमुनोत्री हाईवे के पास स्थित इस 4.5 किमी लंबी सुरंग का निर्माण लगभग 853.79 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस सुरंग का निर्माण इस साल मार्च तक पूरा हो जाने की योजना थी, लेकिन पिछले साल 12 नवंबर को सिलक्यारा छोर पर भूस्खलन की वजह से सुरंग का निर्माण कार्य दो महीने तक ठप रहा। भूस्खलन में 41 श्रमिक सुरंग के अंदर फंस गए थे, जिन्हें बचाने में 17 दिन का समय लग गया था।
निर्माण कार्य में पुनः तेजी
भूस्खलन के बाद सुरंग निर्माण का काम जनवरी में पुनः शुरू किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 23 जनवरी को कार्यदायी संस्था एनएचआईडीसीएल को सुरंग निर्माण फिर से शुरू करने की अनुमति दी। सुरंग में जमा पानी की निकासी का काम शुरू करते हुए बड़कोट छोर से खोदाई का काम फरवरी में फिर से शुरू किया गया। जब भूस्खलन हुआ था, तब सुरंग की खोदाई का काम 480 मीटर शेष था, जिसमें से अब तक करीब 300 मीटर का काम पूरा किया जा चुका है। अब, तीन महीने में इस शेष खोदाई का काम पूरा किया जाएगा, और फिर मुख्य सुरंग की खोदाई आरपार हो जाएगी।
ड्रिफ्ट टनल का निर्माण भी अंतिम चरण में
भूस्खलन के मलबे को हटाने के लिए ड्रिफ्ट टनल (निकासी सुरंग) का काम भी तेजी से चल रहा है। सुरंग में तीन ड्रिफ्ट टनल बनाई जा रही हैं, जिसमें से एक ड्रिफ्ट टनल पूरी तरह से आरपार हो चुकी है। दूसरी ड्रिफ्ट टनल का निर्माण मात्र 5-6 मीटर शेष है और इसे एक-दो दिन में आरपार कर लिया जाएगा। इसके बाद तीसरी और अंतिम ड्रिफ्ट टनल का निर्माण किया जाएगा, जिससे मलबा हटाने की प्रक्रिया को और तेज किया जा सकेगा।
एनएचआईडीसीएल के निदेशक का बयान
एनएचआईडीसीएल के निदेशक अंशु मनीष खलको ने कहा, “सिलक्यारा छोर से दूसरी ड्रिफ्ट टनल आरपार हो चुकी है, और बड़कोट छोर से 180 मीटर की खोदाई का काम तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा। मार्च 2025 तक यह सुरंग पूरी तरह से आरपार हो जाएगी, जिसके बाद सुरंग की फिनिशिंग व अन्य कामों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
#SilyaraTunnel, #March2025, #InfrastructureDevelopment, #LandslideImpact, #NHIDCL
Dehradun
दोस्तों ने दिवाली पार्टी पर घर बुलाया, सुबह मोर्चरी में मिला 15 वर्षीय अर्श का शव

Dehradun News : दिवाली का त्योहार मनाने के लिए दोस्तों के साथ घर से निकला 15 वर्षीय अर्श अंसारी कभी वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मोर्चरी में मिला। अब अर्श के पिता नदीम अंसारी ने बेटे की मौत को लेकर उसके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, 8 नवंबर को अर्श के दोस्त श्रेयस ममगाईं ने उसे दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। श्रेयस और उसके माता-पिता ने भरोसा दिया था कि त्योहार मनाने के बाद अर्श को रात में ही घर छोड़ दिया जाएगा। देर रात तक जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो पिता ने फोन किया। उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा।
नदीम अंसारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय अर्श दोस्तों के साथ था और बातचीत के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन अगली सुबह श्रेयस की मां ने फोन कर अर्श के मोर्चरी में होने की जानकारी दी।
परिवार जब मोर्चरी पहुंचा तो अर्श के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले। पिता ने शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार के मुताबिक, घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे मिली। पिता का कहना है कि घटना में शामिल लड़कों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है, लेकिन वह चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और बेटे को न्याय मिले।
Dehradun
PM मोदी को CM धामी की चिट्ठी, बताया कैसे बदल रहा है उत्तराखंड

Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र किया है। उन्होंने इन प्रयासों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, उद्योग और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। राज्य में विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही रोजगार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नए उत्तराखंड में समाज के प्रत्येक वर्ग की खुशहाली और प्रगति को केंद्र में रखकर काम किया जा रहा है।
Dehradun
देहरादून में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं से सनसनी, कहीं नशा तो कहीं संपत्ति विवाद बना वजह

Dehradun News : राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
Table of Contents
पहली घटना: मामूली विवाद में किशोर की मौत
देहरादून के सुरी चौक पर लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और फिर वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसके दोस्तों पर संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तीसरी घटना: नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की हत्या
तीसरी और सबसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया।
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
लगातार सामने आई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच में क्या खुलासे करती है।
Breakingnews19 hours agoप्रेमनगर में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
Breakingnews17 hours agoदेहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, स्पा सेंटर की आड़ में चला रहे थे देह व्यापार
Breakingnews17 hours agoपौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश
Breakingnews18 hours agoपहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानें अगले पांच दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
Breakingnews13 hours agoजौलजीबी मेले में हंगामा मामला, कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज









































