Champawat
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना की समीक्षा की

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के लोहियाहेड स्थित कैम्प कार्यालय में “शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना” की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्य जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना का उद्देश्य लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का समग्र विकास करना है, ताकि यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सशक्त और आकर्षक बन सके।
मुख्यमंत्री ने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इनमें शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान–1, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट का विकास, चूका से चल्थी माउंटेन बाइक ट्रेल निर्माण, बनबसा में अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार का विकास, श्रद्धा पथ नदी तट का सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट के लिए मास्टर प्लान और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का सृजन शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति एवं स्थापत्य शैली के अनुरूप डिज़ाइन तैयार करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को क्षेत्र में स्थानीय कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी आए और अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने भविष्य में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट का विकास, माँ वाराही धाम को स्पिरिचुअल ज़ोन के रूप में विकसित करने, क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनाने और शहीदों के सम्मान में “शौर्य स्थल” तैयार करने की भी रूपरेखा साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना टनकपुर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सहेजते हुए, पर्यटन, पर्यावरण और श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाएगी। इसके साथ ही यह स्थानीय रोजगार संवर्धन और जनजीवन स्तर सुधार का माध्यम भी बनेगी।
इस परियोजना में लगभग ₹3300 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और योजना के निर्माण हेतु त्वरित गति से कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी चम्पावत कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Champawat
चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरकर यूपी के युवक की मौत, चार घायल

Champawat News : उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चंपावत का है, जहां स्वाला-टनकपुर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
Table of Contents
चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा
स्वाला-टनकपुर मार्ग पर कार हादसे की शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर आ रहे थे। इसी दौरान स्वाला-टनकपुर मार्ग पर कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में गिरकर पेड़ पर अटक गई। हादसे के दौरान एक व्यक्ति वाहन से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग किसी तरह बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए।
खाई में गिरकर यूपी के युवक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और मृतक के शव को सड़क तक पहुंचाया। मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ ने शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेज रफ्तार को माना जा रहा है हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर मौजूद मोड़ व ढलान को माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले 7 सितंबर को चंपावत के बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से पांच लोग घायल हो गए थे। इस हादसे में भी एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।
Champawat
दूध का दाम बढ़ाओ, पशु आहार पर 75% सब्सिडी दो, 25 नवंबर को सड़कों पर उतरेंगे पशुपालक

Champawat News : चम्पावत में अब पशुपालकों के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। दूध के उचित दाम, पशु आहार पर सब्सिडी और दुग्ध समितियों के सचिवों का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर पशुपालकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
Table of Contents
दूध का दाम बढ़ाओ, पशु आहार पर 75% सब्सिडी दो
चंपावत के करीब 50 पशुपालकों ने वीडियो संदेश के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुहार लगाई है। चेतावनी साफ है। अगर 25 नवंबर से पहले मांगों पर फैसला नहीं हुआ, तो जिलेभर के पशुपालक शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।
25 नवंबर को सड़कों पर उतरेंगे पशुपालक
पशुपालकों का कहना है कि दिन-रात मेहनत कर दूध उत्पादन करने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महंगाई के इस दौर में पशुओं के चारे और रखरखाव का खर्च इतना बढ़ गया है कि दूध बेचकर लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। पशुपालकों ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

पहली, दूध के खरीद मूल्य में तत्काल वृद्धि की जाए। दूसरी, पशु आहार पर 75 प्रतिशत सब्सिडी दी जाए और तीसरी, दुग्ध समितियों के सचिवों का मानदेय 50 पैसे प्रति किलो से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलो किया जाए।
अब केवल आश्वासन से नहीं चलेगा काम
पशुपालकों ने साफ कर दिया है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। 25 नवंबर को जिलेभर में शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। दावा है कि इस आंदोलन में 700 से अधिक पशुपालक शामिल हो सकते हैं। पशुपालकों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, बल्कि अपने परिवार और पशुपालन को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि आंदोलन की नौबत आने से पहले उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
Champawat
चंपावत में चारा लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

Champawat News : चंपावत में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां घास लेने गई महिला की पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई। महिला की मौत की खबर के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।
Table of Contents
चारा लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरकर मौत
उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं मृतका
जानकारी के अनुसार, घटना जिले की दूरस्थ ग्राम पंचायत पछनई की है। बुधवार देर शाम गांव निवासी रेवी देवी (48), पत्नी केदार सिंह, अपनी साथी कलावती देवी के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से रेवी देवी गहरी खाई में गिर गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद साथ गई कलावती देवी ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही चल्थी चौकी प्रभारी राजेश कठायत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया कि रेवी देवी के चार बच्चे हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Politics10 hours agoधामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड पूरी तरह फर्जी, हरक बोले- जनता को गुमराह कर रही सरकार
Dehradun12 hours agoडोईवाला में खनन ट्रैक्टर का कहर, स्कूटी सवार दो किशोरियों को कुचला, एक की मौत
Dehradun13 hours agoदेहरादून में राजपुर रोड पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार दो युवकों की मौत
Udham Singh Nagar11 hours agoरुद्रपुर में RTO के नाम पर फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
Champawat8 hours agoचंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरकर यूपी के युवक की मौत, चार घायल
Dehradun6 hours agoदेहरादून में पुलिस का अनोखा अंदाज, पहले काटा चालान फिर हेलमेट पहनाकर समझाया सुरक्षा का पाठ








































