Haridwar
त्योहारी सीज़न में यात्रियों के लिए खुशखबरी: साबरमती से हरिद्वार तक स्पेशल ट्रेन सेवा होगी शुरू

हरिद्वार: त्योहारी सीज़न में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक और राहतभरी सौगात दी है। साबरमती से हरिद्वार के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन 15 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच विशेष रूप से चलाई जाएगी और यात्रियों को सफर में अतिरिक्त सुविधा देगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन संख्या 09425/09426 (साबरमती-हरिद्वार-साबरमती फेस्टिवल एक्सप्रेस) दोनों दिशाओं में 14-14 फेरे लगाएगी। इस विशेष सेवा का लाभ खासकर उन यात्रियों को मिलेगा जो दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, और छठ पर्व जैसे त्योहारों में अपने घर जाना चाहते हैं।
ट्रेन का संचालन कार्यक्रम:
साबरमती से रवाना: प्रत्येक बुधवार और शनिवार सुबह 8:50 बजे
हरिद्वार आगमन: अगले दिन सुबह 5:30 बजे
हरिद्वार से रवाना: प्रत्येक बृहस्पतिवार और रविवार, रात 9:40 बजे
साबरमती आगमन: अगले दिन रात 9:30 बजे
ठहराव वाले प्रमुख स्टेशन:
हरिद्वार और रुड़की के अलावा यह ट्रेन मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, गांधीनगर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, मारवाड़, फालना, आबूरोड, पालनपुर और महेसाणा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों के लिए राहत
वरिष्ठ डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि यह विशेष ट्रेन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही है। त्योहारी सीज़न में आमतौर पर ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है और सीट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यह ट्रेन यात्रियों को एक वैकल्पिक और आरामदायक यात्रा का विकल्प देगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अग्रिम आरक्षण कराकर यात्रा सुनिश्चित करें और सफर के दौरान रेलवे द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Haridwar
हरिद्वार में पुलिया पर खेल रही थीं दो बच्चियां, अचानक नाले में गिरीं, एक बची, दूसरी लापता

Haridwar News : हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कृपाल स्कूल के पास पुलिया पर खेल रहीं दो बच्चियां अचानक उफनते नाले में जा गिरीं। हादसे में सात वर्षीय बच्ची को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि छह वर्षीय बच्ची तेज पानी के बहाव में बह गई।
Table of Contents
पुलिया पर खेलते वक्त अचानक नाले में गिरीं दो बच्चियां
हरिद्वार में दो बच्चियां पुलिया पर खेलती हुई नाले में बह गईं। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। इसके बाद नाले में बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
बारिश के कारण नाले का बढ़ गया था जलस्तर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम रावली महदूद क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण नाले का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान पुलिया के पास खेल रही हिमानी (7) और विधिका (6) पानी की चपेट में आकर नाले में गिर गईं। स्थानीय लोगों ने हिमानी को बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका तेज बहाव में बह गई।
विधिका बिजनौर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली की रहने वाली थी और वर्तमान में कृपाल नगर, रावली महदूद में रह रही थी।

लापता बच्ची की तलाश जारी
सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ के जवानों ने नाले के अलग-अलग हिस्सों में बच्ची की खोज शुरू की। बारिश और तेज बहाव के बावजूद टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान जारी रखा।
बच्ची के संभावित बहाव क्षेत्र और आसपास के नालों में भी तलाश की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक छह वर्षीय बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया था।
Haridwar
हरिद्वार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 160 चालान से मचा हड़कंप

Haridwar News : हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में 27 अगस्त को जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
Table of Contents
हरिद्वार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई
हरिद्वार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। जिसके तहत अभियान के दौरान कुल 160 चालान काटे गए और करीब 3 लाख 91 हजार 600 रुपये की शमन राशि आरोपित की गई।
दोपहिया वाहन चालकों पर हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई दोपहिया वाहन चालकों पर हुई। बिना हेलमेट के 76 मामले सामने आए। इसके अलावा बिना वैध परमिट, कर रसीद, सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने, ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
चेकिंग के दौरान 37 वाहनों की आरसी कब्जे में ली गई, जबकि 3 वाहनों को एआरटीओ कार्यालय लाया गया। बाहरी राज्यों, खासकर उत्तर प्रदेश के पर्यटक और व्यावसायिक वाहनों की भी विशेष जांच हुई। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Haridwar
लक्सर में चोरों का बड़ा खेल…फौजी के घर से 28 लाख रुपये के गहने लेकर हुए फरार

Haridwar News : जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक फौजी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
Table of Contents
फौजी के घर से 28 लाख रुपये के गहने लेकर चोर फरार
रविवार रात हुई इस वारदात में बदमाश कथित तौर पर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

वर्तमान में केरल में पोस्टेड हैं नवीन
मिली जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कला निवासी नवीन सेना में सेवारत हैं और वर्तमान में केरल में तैनात हैं। घर पर उनके पिता प्रेम सिंह मौजूद थे बताया गया कि 30 अगस्त की रात प्रेम सिंह करीब 11 बजे सो गए थे। देर रात लगभग डेढ़ बजे उनकी नींद खुली तो घर के कमरों में लाइट जल रही थी। उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई और जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था।
कमरे में बिखरा मिला सामान
अलमारी और कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये की नकदी गायब थी। चोरी का पता चलते ही प्रेम सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर घर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए थे। पुलिस पूरे मामले की जाचं में जुट गई है।






































