Dehradun
उत्तराखंड: गूगल रिव्यू के बहाने ठगों ने बेरोजगार युवक से की लाखों की ठगी

देहरादून: हरिद्वार के एक बेरोजगार युवक को गूगल रिव्यू पर मोटी कमाई का लालच देना उसके जीवन की सबसे बड़ी भूल बन गई। नौकरी की तलाश में बैठे युवक को व्हाट्सएप पर मैसेज आया जिसमें गूगल रिव्यू देने पर अच्छा खासा वेतन देने का वादा किया गया। लेकिन ये झांसा एक खतरनाक साइबर जाल था जिसमें फंसकर युवक ने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई गंवा दी….यहाँ तक कि 40 लाख रुपये का कर्ज लेकर भी ठगों की मांगे पूरी करता रहा। कुल 70.31 लाख रुपये की इस ठगी की गूंज अब साइबर थाने तक पहुंच चुकी है।
हरिद्वार के सिडकुल निवासी विकास (परिवर्तित नाम) ने बताया कि 2 सितंबर 2025 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला। इसमें लिखा था कि गूगल पर रिव्यू देने का काम करना है और बदले में अच्छी कमाई होगी। उस समय वह बेरोजगार थे…इसलिए उन्होंने इस ऑफर को स्वीकार कर लिया।
इसके बाद उन्हें टेलीग्राम लिंक भेजा गया और बताया गया कि यह काम एक नामी विदेशी कंपनी CME ग्रुप के तहत किया जाएगा। ग्रुप की एक सदस्य इशिका पटेल ने विकास को टास्क दिए और शुरुआती निवेश के तौर पर 15,000 एक खाते में जमा करवाए।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर दिलाया भरोसा, फिर मांगा और पैसा
टेलीग्राम ग्रुप में विकास को फर्जी वेबसाइट और दस्तावेज दिखाए गए जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि अगर वह ज्यादा निवेश करेंगे तो 50% तक का मुनाफा मिलेगा। ठगों ने उन्हें लगातार दूसरे टेलीग्राम ग्रुप्स में जोड़ा और “फाइनेंशियल डिपार्टमेंट” से संपर्क करवाया।
जब विकास ने मुनाफा निकालने की कोशिश की…तो कहा गया कि उनका क्रेडिट स्कोर कम है। उसे सुधारने के लिए ₹8 लाख जमा करने होंगे। उसने भरोसा करके वह रकम भी दे दी। लेकिन फिर टैक्स का हवाला देकर और पैसों की मांग की गई।
ठगों ने विकास को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया और कहा कि अगर समय पर रकम नहीं दी गई, तो उनके खिलाफ केस दर्ज होगा। डर के मारे विकास ने लोन लेकर पैसे देना जारी रखा। आखिरकार उन्होंने कुल 70.31 लाख ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए—जिसमें ₹40 लाख लोन और बाकी उनकी जीवनभर की जमा पूंजी थी।
अब पहुंचा साइबर थाने, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने देहरादून के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाट्सएप, टेलीग्राम ग्रुप्स, बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट ट्रेल्स को खंगाला जा रहा है।
साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस की अपील
अनजान लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें।
किसी भी स्कीम में पैसे ट्रांसफर करने से पहले वैधता जांचें।
नौकरी, निवेश या रिव्यू के नाम पर पैसे मांगने वाली स्कीमों से सावधान रहें।
किसी भी ठगी की आशंका होने पर तुरंत 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
Dehradun
4 साल बाद भी अंकिता को न्याय का इंतजार! सड़कों पर उतरे लोग, VIP की पहचान की मांग

Dehradun News : अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे होने पर सामाजिक, राजनीतिक और जन सरोकारों से जुड़े संगठनों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांधी पार्क में अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर मामले में कथित VIP की पहचान सार्वजनिक करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
Table of Contents
4 साल बाद भी अंकिता को न्याय का इंतजार !
प्रदर्शन में शामिल उत्तराखंड पूर्व सैनिक अर्धसैनिक संयुक्त संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश थपलियाल ने कहा कि चार साल बीतने के बाद भी उत्तराखंड की जनता अंकिता को भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को अब भी न्याय का इंतजार है।
आज देहरादून में सड़कों पर उतरे लोग
प्रकाश थपलियाल ने आरोप लगाया कि अंकिता ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और कथित तौर पर VIP को विशेष सेवाएं देने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने मांग की कि इन आरोपों और अंकिता से जुड़े कथित अंतिम बयानों की भी निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए।

VIP की पहचान की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले में जिस VIP का जिक्र लगातार होता रहा है, उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो कानून के तहत कार्रवाई की मांग भी वक्ताओं ने की।
इस दौरान अंकिता के अंतिम संस्कार को लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने अंतिम संस्कार के समय और प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं होने का आरोप लगाया।
Dehradun
ऋषिकेश में गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

Rishikesh News : गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Table of Contents
गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप
ऋषिकेश में गंगा किनारे दो नवजातों के शव मिलने से सनसनी मच गई। पहली घटना नाव घाट के पास सामने आई है। जबकि दूसरी बच्ची का शव साई घाट के नजदीक बरामद किया गया। दोनों मामलों की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके शव गंगा किनारे तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
नाव घाट के पास मिला बच्ची का शव
पहला मामला नाव घाट के आसपास का है। यहां पुलिस को करीब 10 महीने की बच्ची का शव मिला। शुरुआती जांच में यह संभावना सामने आई है कि बच्ची की किसी वजह से मौत हुई होगी और इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के बजाय शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया होगा।

पुलिस इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है कि गंगा के तेज बहाव के साथ बच्ची का शव किसी दूसरे स्थान से बहकर ऋषिकेश तक पहुंचा हो। हालांकि, बच्ची की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही चल सकेगा।
साई घाट पर एक दिन की नवजात का शव बरामद
दूसरी घटना साई घाट के पास हुई। यहां गंगा किनारे पुलिस को करीब एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, नवजात की नाल भी कटी हुई नहीं थी। इस वजह से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि बच्ची का जन्म होने के बाद उसकी मौत हुई और फिर उसे गंगा किनारे छोड़ दिया गया, या नवजात को किसी अन्य परिस्थिति में वहां लाकर छोड़ा गया। बच्ची की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने के लिए भी पुलिस संभावित सुराग जुटा रही है। दोनों घटनाओं की जांच अलग-अलग स्तर पर की जा रही है।
Dehradun
उत्तराखंड के 100 ट्रेक रूट्स की होगी GPS मैपिंग, अब बिना नेटवर्क भी मिलेगी पूरी जानकारी

Uttarakhand News : उत्तराखंड में ट्रेकिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। प्रदेश के 100 प्रमुख ट्रेक और हाइकिंग रूट्स की GPS और GIS मैपिंग की जाएगी। इसके लिए अभियान दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय से फ्लैग ऑफ किया।
Table of Contents
उत्तराखंड के 100 ट्रेक रूट्स की होगी GPS मैपिंग
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से गठित टीम चयनित ट्रेक रूट्स का मौके पर जाकर तकनीकी और स्थलीय सर्वे करेगी। इस दौरान प्रत्येक रूट की विस्तृत GPS व GIS मैपिंग के साथ ट्रेकर्स के लिए जरूरी सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी।
बिना नेटवर्क भी मिलेगी ट्रेक रूट की जानकारी
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि मैपिंग के बाद ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि नेटवर्क कनेक्टिविटी नहीं होने वाले दुर्गम इलाकों में भी ट्रेकर्स अपने मोबाइल फोन पर ट्रेल और रूट से जुड़ी जरूरी जानकारी देख सकेंगे।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के मुताबिक, परियोजना के सफल होने के बाद उत्तराखंड ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से GPS नेविगेशन सुविधा विकसित करने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।

ट्रेकर्स की सुरक्षा पर रहेगा फोकस
उत्तराखंड में कई ट्रेकिंग रूट ऐसे हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा सीमित या उपलब्ध नहीं होती। ऐसे क्षेत्रों में सही रास्ते की जानकारी और आपात स्थिति में लोकेशन की जानकारी काफी महत्वपूर्ण होती है। वैज्ञानिक तरीके से की जाने वाली मैपिंग के जरिए ट्रेक रूट की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इससे ट्रेकर्स को रास्ते को समझने में मदद मिलेगी और जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियानों को भी अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ट्रेकिंग रूट्स के विकास में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया।
कैंप साइट और शौचालय के लिए भी चिन्हित होंगी जगहें
GPS/GIS मैपिंग के दौरान केवल रास्तों का सर्वे नहीं किया जाएगा। टीम ट्रेकिंग रूट्स पर कैंप साइट, डस्टबिन और शौचालय बनाने के लिए उपयुक्त स्थानों की भी पहचान करेगी। इससे भविष्य में ट्रेकिंग रूट्स पर जरूरी सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बेहतर योजना तैयार की जा सकेगी।
uttarakhand weather14 hours agoउत्तराखंड में करीब आ रहा मानसून की विदाई का दौर, अगले एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम ?
Dehradun13 hours agoदेहरादून में फर्जी प्रमाणपत्र का खेल! 4 जन सेवा केंद्र सील, जांच में खुली कई पोल
Dehradun12 hours agoऋषिकेश में गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
Dehradun12 hours agoउत्तराखंड के 100 ट्रेक रूट्स की होगी GPS मैपिंग, अब बिना नेटवर्क भी मिलेगी पूरी जानकारी
Dehradun6 hours ago4 साल बाद भी अंकिता को न्याय का इंतजार! सड़कों पर उतरे लोग, VIP की पहचान की मांग






































