Breakingnews
धामी सरकार की पहल: चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वच्छ और स्वस्थ भोजन की व्यवस्था…

देहरादून: धामी सरकार ने चारधाम यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘आज से थोड़ा कम’ अभियान शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के निर्देशों पर अभियान ग्राउंड जीरो पर शुरू कर दिया गया है। आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा इस पहल का मुख्य उद्देश्य भोजन में अतिरिक्त नमक, चीनी और वसा की मात्रा को नियंत्रित करना है, जिससे हृदय रोग, मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके। रेस्तरां एवं भोजनालयों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे शेफ और खाद्य विशेषज्ञों के सहयोग से स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार करें और पोषण संतुलन का ध्यान रखें। इस अभियान के तहत फ्लेक्स बैनर, पोस्टर एवं डिजिटल माध्यमों के जरिए जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

‘RUCO पहल’: पुनः प्रयुक्त तेल के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव रोकने की रणनीति
आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए विभाग ने ‘री-पर्पज यूज़्ड कुकिंग ऑयल (RUCO)’ पहल शुरू की है। इसके तहत, बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल के दुष्प्रभावों को कम करने और उसे दोबारा खाद्य श्रृंखला में आने से रोकने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। प्रयुक्त तेल को एग्रीगेटर नेटवर्क के माध्यम से एकत्रित कर बायोडीजल, साबुन और अन्य गैर-खाद्य उत्पादों में पुनर्चक्रित किया जाएगा। इससे हृदय रोग, हाईपरटेंशन और लिवर संबंधी बीमारियों से बचाव होगा और पर्यावरण को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।

‘ट्रिपल EEE रणनीति’: स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य प्रणाली की ओर एक ठोस कदम
आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने ‘ट्रिपल EEE रणनीति’ (Educate, Enforce, Establish) लागू की है। इसके अंतर्गत –

✅ Educate: खाद्य व्यवसायियों एवं नागरिकों को प्रयुक्त तेल के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करना।
✅ Enforce: खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सख्ती से लागू कराना।
✅ Establish: प्रयुक्त तेल के संग्रहण एवं निस्तारण के लिए एक सुदृढ़ प्रणाली स्थापित करना।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि “चारधाम यात्रा पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ‘आज से थोड़ा कम’ और ‘RUCO’ जैसी पहलों से न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।”

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा, “हमारी पूरी टीम यात्रा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा मानकों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए तत्पर है। किसी भी प्रकार की खाद्य असुरक्षा या मिलावट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी खाद्य व्यवसायियों को तय मानकों के अनुसार कार्य करना होगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने कहा, “हम तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को स्वस्थ और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रत्येक खाद्य व्यवसायी को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करें। इन पहलों के माध्यम से उत्तराखंड को एक सुरक्षित और आदर्श तीर्थ स्थल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।” इन प्रयासों से यात्रा मार्ग पर परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार होगा और हर वर्ष आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वास्थ्यवर्धक और सुरक्षित भोजन मिल सकेगा।
#DhamiGovernment #CharDhamYatra #HealthyFoodCampaign #FoodSafetyandDrugAdministration #NutritionalMealsforPilgrims
Breakingnews
बैंक बंद होने से पहले मिलेगा पैसा, सरकार ने वेतन-पेंशन को लेकर जारी किए निर्देश

Uttarakhand News : देशभर में प्रस्तावित बैंक हड़ताल के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर महीने के भुगतान को लेकर बड़ा फैसला लिया है।
Table of Contents
बैंक बंद होने से पहले मिलेगा पैसा
सरकार ने सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 26 सितंबर तक जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल के संभावित असर के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को भुगतान से जुड़ी किसी परेशानी से बचाना है।
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सितंबर माह के वेतन और पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारियों और कोषागार अधिकारियों को निर्देश
प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों और कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशक को निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन एवं पेंशन का भुगतान 26 सितंबर, शनिवार तक सुनिश्चित किया जाए।
सरकार के इस कदम से बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान संबंधी संभावित दिक्कतों से कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अक्टूबर के भुगतान में होगा जरूरी समायोजन
सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सितंबर महीने का वेतन या पेंशन जारी करते समय पूरे महीने की देय राशि का आकलन किया जाए। अगर भुगतान के बाद किसी राशि में समायोजन की आवश्यकता सामने आती है, तो उसका निपटारा अक्टूबर 2026 के वेतन या पेंशन में किया जाएगा।
इसके साथ ही संबंधित विभागों को भुगतान से जुड़ी आवश्यक लेखांकन प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह बैंक हड़ताल शुरू होने से पहले ही उत्तराखंड सरकार सितंबर महीने के सरकारी वेतन और पेंशन का भुगतान पूरा कराने की तैयारी में जुट गई है।
Breakingnews
उत्तराखंड में आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में 25 सितंबर को मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
Table of Contents
उत्तराखंड में आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में आज आठ जिलों में बारिश का अलर्ट है। आज बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी बारिश के तेज दौर की संभावना है।
कुमाऊं में ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम
नैनीताल, हल्द्वानी, भीमताल और भवाली समेत आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बादल घिरने और बारिश होने के आसार हैं। बागेश्वर और अल्मोड़ा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पिथौरागढ़ और चंपावत में भी बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश से जलभराव और पहाड़ी सड़कों पर मलबा आने की समस्या हो सकती है। नदी-नालों और ढलानों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
देहरादून समेत इन इलाकों में भी बारिश
देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी में आज बादल छाए रहने के साथ दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पौड़ी और चमोली में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना है।

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर और खटीमा में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है, हालांकि तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। हरिद्वार में मौसम सामान्य रहने के बीच कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
26-27 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा
रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी में आज हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर और व्यापक हो सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
Breakingnews
रुद्रप्रयाग में भीषण हादसा, आमने-सामने टकराईं कार-बाइक, 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Rudraprayag Accident : रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Table of Contents
रुद्रप्रयाग में आमने-सामने टकराईं कार-बाइक
रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पीछे मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
मृतक की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के ग्राम बोरा निवासी 55 वर्षीय शिव लाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर तैनात थे। वह ड्यूटी के सिलसिले में रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान मायकोटी डाट पुल के समीप सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। बताया गया है कि कार नागनाथ पोखरी की दिशा में जा रही थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने में लग गई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।











































