Dehradun
चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड का आंकड़ा 23 हजार पार, टैक्सी के लिए सबसे ज्यादा जारी हुए कार्ड…विभाग कर चुका करोड़ों की कमाई।

देहरादून – चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड का आंकड़ा 23 हजार पार हो गया है। टैक्सी के लिए सबसे ज्यादा ग्रीन कार्ड जारी हुए हैं। इससे परिवहन विभाग एक करोड़ से ऊपर की कमाई कर चुका है। संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया, चारधाम यात्रा के लिए चार अप्रैल से ग्रीनकार्ड बनाने का काम शुरू हुआ था। बताया, अब तक 23,662 ग्रीनकार्ड बन चुके हैं। इनमें बसों के 2,557, मिनी बसों के 3,665, मैक्सी कैब के 5,481, टैक्सी कैब के 11,959 ग्रीन कार्ड शामिल हैं। परिवहन विभाग को इन ग्रीन कार्ड से अब तक एक करोड़ 19 लाख 12 हजार 150 रुपये शुल्क प्राप्त हो चुका है।

बताया, अब तक 17,986 ट्रिप कार्ड जारी किए जा चुके हैं। भद्रकाली, ब्रह्मपुरी, कुठालगेट व बाड़वाला चेकपोस्ट पर अब तक 11,142 वाहनों को चेक किया गया है, जिनमें से 600 वाहनों का विभिन्न अभियोगों में चालान किया गया है। प्रवर्तन दलों ने यात्रा मार्गों पर 18,176 वाहनों का चेक किया, जिनमें से 1,822 के चालान किए गए हैं।
संयुक्त रोटेशन की 1,533 बसों के माध्यम से 48,485 यात्रियों, परिवहन निगम की 163 बसों के माध्यम से 5,252 यात्रियों को मिलाकर कुल 1,696 बसों से 53,737 यात्रियों को यात्रा पर भेजा गया है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड परिवहन शटल सेवा से अब तक 2,263 वाहनों के 34,965 फेरों के माध्यम से 2,83,340 यात्रियों को यात्रा पर भेजा गया है। उन्होंने बताया, संयुक्त रोटेशन ने 2,033 बसों और परिवहन निगम ने 125 बसों की व्यवस्था की है। इसके अलावा करीब 300 बसों का संचालन हरिद्वार से यात्रा के लिए किया जा रहा है।
20 हजार श्रद्धालुओं ने किए बदरीनाथ धाम के दर्शन
बदरीनाथ (चमोली)। बदरीनाथ धाम में यात्रियों के आने का सिलसिला बना हुआ है। बुधवार को धाम में 20,180 श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे। धाम में अभी तक 1,78,521 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। भीड़ अधिक होने के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक धाम में यात्रियों की चहल-पहल बनी हुई है।
बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर में बुधवार को रील और वीडियो बनाना 15 लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सभी का चालान कर दिया और आठ घंटे तक उनके मोबाइल जब्त रखे। कहा, यदि स्थिति नहीं संभली तो रील और वीडियो बनाने वालों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने चारोंधामों में मंदिर परिसर में 50 मीटर के दायरे में रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया हुआ है। बुधवार को बदरीनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल से रील और वीडियो बनाने हुए पुलिस ने 15 यात्रियों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, सभी अलग-अलग जगह से धाम में आए हुए हैं। पुलिस ने सभी के मोबाइल जब्त कर लिए। करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने सबका चालान किया और मोबाइल लौटा दिए। बदरीनाथ कोतवाली के कोतवाल नवनीत भंडारी ने बताया, मंदिर परिसर में रील बनाने वालों में कोलकाता, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य क्षेत्रों के यात्री शामिल थे।
बताया, सभी का 500-500 रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि मंदिर परिसर के आसपास वीडियोग्राफी न करें। कहा, यदि स्थिति नहीं संभली तो रील और वीडियो बनाने वालों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
Uttarakhand
उत्तराखंड की बेटी सपना राणा को जर्मनी में मिली नौकरी, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई…

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में सुश्री सपना राणा ने मुलाकात की। सुश्री सपना राणा द्वारा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा उत्तीर्ण की गई, जिसके उपरान्त उनको जर्मनी के हैमबर्ग शहर के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में 3060 यूरो (₹ 3,30,000) प्रतिमाह के वेतन पर नियुक्ति प्राप्त हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अन्तर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों से राज्य के युवाओं को जोड़े जाने हेतु निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा राज्य के युवाओं को जापान एवं जर्मनी में सेवायोजित किये जाने हेतु भाषा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अब तक करीब 65 युवाओं को जापान में सेवायोजित किया जा चुका है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं हेतु रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। जिसके दृष्टिगत प्रकोष्ठ द्वारा जर्मन भाषा का प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण को प्राप्त करने के उपरान्त टिहरी गढवाल की नर्सिंग प्रशिक्षित सुश्री सपना राणा का जर्मनी में नर्स के रूप में चयन हुआ है। सुश्री सपना द्वारा अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल, टिहरी गढवाल से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की गई। सुश्री सपना द्वारा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अन्तर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर जर्मनी के हैमबर्ग शहर के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में नियुक्ति प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर सचिव सी. रविशंकर भी मौजूद रहे।
Uttarakhand
Uttarakhand Pension Scheme: पेंशन योजनाओं की मासिक आय सीमा बढ़ाने की तैयारी, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

Uttarakhand Pension Scheme : मासिक आय सीमा को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने का प्रस्ताव तैयार
देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य के जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। समाज कल्याण विभाग ने राज्य में संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की पात्रता के लिए निर्धारित मासिक आय सीमा को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय ले सकती है।
पेंशन पात्रता बढ़ने से हजारों नए लाभार्थी जुड़ेंगे
वर्तमान में समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्य में वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा समेत कुल आठ प्रकार की पेंशन योजनाओं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ फिलहाल करीब 9 लाख 71 हजार लाभार्थियों को मिल रहा है।.
विभाग के अनुसार यदि पेंशन पात्रता के लिए निर्धारित मासिक आय सीमा को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये कर दिया जाता है, तो लाभार्थियों की संख्या में लगभग 25 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है। इससे ऐसे हजारों जरूरतमंद परिवारों को भी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा, जो वर्तमान आय सीमा के कारण पात्र नहीं बन पा रहे हैं।
सरकार पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ
आय सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव से जहां जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी, वहीं राज्य सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी पड़ेगा। विभाग के अनुमान के अनुसार इस फैसले के लागू होने पर सरकार पर करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा।
वर्तमान समय में समाज कल्याण विभाग हर महीने लगभग 170 करोड़ रुपये विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत वितरित कर रहा है।
समाज कल्याण मंत्री ने दी जानकारी
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया है और सरकार जल्द ही इस पर फैसला लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता मिल सके।
राज्य के लाखों लोगों को मिल सकती है राहत
यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो पेंशन योजनाओं के दायरे में आने वाले लाभार्थियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। इससे राज्य के हजारों बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
Uttarakhand
उत्तराखंड में फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश , सभी प्रमुख संस्थानों का कराया जाएगा व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट..

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मानकों पर खरे न उतरने वाले संस्थानों को किया जाएगा चिन्हित
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियों का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए।
विभागों के बीच समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से पूरा होगा ऑडिट
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से ऑडिट की प्रक्रिया पूरी की जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, डीजी अभिसूचना और सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और अपर सचिव तृप्ति भट्ट मौजूद थे।
Cricket24 hours agoSuryansh Shedge कौन हैं? जानिए टीम इंडिया के नए ऑलराउंडर की पूरी कहानी
Uttarakhand23 hours agoउत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: मानसून के खतरे को देखते हुए 1 जुलाई से मिलेगा 3 महीने का राशन!
Uttarakhand22 hours agoकर्णप्रयाग और नगरासू प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: सीएम धामी
Uttarakhand22 hours agoउत्तराखंड में फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश , सभी प्रमुख संस्थानों का कराया जाएगा व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट..
Accident4 hours agoRanikhet Accident News: रानीखेत में बड़ा सड़क हादसा, 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की दर्दनाक मौत
Uttarakhand4 hours agoHaldwani KVM School Fire Accident: हल्द्वानी के केवीएम स्कूल में लगी भीषण आग, दो बसें जलकर खाक
Cricket4 hours agoENG-W vs WI-W Dream11 Team Match 22 T20 WC 2026 :फैंटेसी प्रेडिक्शन, पिच रिपोर्ट और प्लेइंग XI
Uttarakhand3 hours agoUttarakhand Pension Scheme: पेंशन योजनाओं की मासिक आय सीमा बढ़ाने की तैयारी, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ






































