Udham Singh Nagar
प्रेमिका पूजा की हत्या के आरोपी मुस्ताक का घर हुआ बुलडोजर से ध्वस्त, पूरा मामला जानें….

खटीमा (उधम सिंह नगर): बीते दिनों उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में पूजा नाम की महिला की हत्या का मामला सामने आया था। अब इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपी मुस्ताक अहमद के घर को जेसीबी से तोड़ दिया है। आरोपी ने पूजा का गला काटकर उसका शव खटीमा में छिपा दिया था। पूजा की गुमशुदगी हरियाणा में दर्ज की गई थी, जिसके बाद आरोपी मुस्ताक अहमद को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पूजा और मुस्ताक एक लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। पूजा से पीछा छुड़ाने के लिए मुस्ताक ने उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस का कहना है कि पूजा हत्याकांड के आरोपी मुस्ताक अहमद का घर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई थी। घर गिराने की कार्रवाई सोमवार को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर की गई। प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि मुस्ताक अहमद के पिता ने गांव गौरीखेड़ा, सितारगंज में एसटी वर्ग की जमीन पर अवैध कब्जा किया था। यह जमीन मथुरा सिंह नामक व्यक्ति की थी, जो एसटी वर्ग से संबंधित था। मथुरा सिंह के निधन के बाद यह जमीन मथुरा प्रसाद के नाम पर दर्ज हुई। अली अहमद ने इस पर मकान बनवाया था। जब प्रशासन ने जांच की तो यह तथ्य सामने आया कि यह कब्जा अवैध था। इसके बाद प्रशासन ने अली अहमद को नोटिस जारी किया था, लेकिन उसने इसका कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद घर को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
पूजा विश्वास, जो नानकमत्ता की निवासी थीं, और मुस्ताक अहमद के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थीं। आरोप है कि मुस्ताक अहमद ने पूजा से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या कर दी और उसका शव खटीमा के कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया। पूजा की बहन ने 19 दिसंबर 2024 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट हरियाणा के गुरुग्राम में दर्ज कराई थी। हरियाणा पुलिस ने जांच शुरू की और मुस्ताक अहमद को गिरफ्तार किया।
मुस्ताक अहमद की निशानदेही पर हरियाणा पुलिस ने खटीमा पहुंचकर पूजा की सिर कटी लाश नद्दना नहर के पास से बरामद की। पूजा और मुस्ताक दोनों पहले गुरुग्राम में लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। मुस्ताक ने करीब पांच महीने पहले पूजा की हत्या की थी और शव को खटीमा के नहर में फेंक दिया था।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को लेकर कड़ी कार्रवाई की है और जिला प्रशासन की ओर से अवैध निर्माणों के खिलाफ इस तरह के अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है। इस कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि प्रशासन किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे और अपराधियों के खिलाफ सख्ती से निपटेगा।
#Murder #Accused #Bulldozer #Investigation #Relationship
Udham Singh Nagar
PTM में जा रही मां-बेटियों को कार ने रौंदा, मां और 7 साल की बेटी की मौत

Sitarganj News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में तेज रफ्तार कार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सितारगंज-किच्छा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक महिला और उसकी सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
Table of Contents
PTM में जा रही मां-बेटियों को कार ने रौंदा
जानकारी के अनुसार, उत्तरांचल कॉलोनी दड़हा निवासी 34 वर्षीय मीनू देवी पत्नी मुकेश कुमार अपनी दो बेटियों अनिष्का (7) और राधिका (10) के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) में शामिल होने जा रही थीं। तीनों सितारगंज-किच्छा हाईवे पर आरके ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी थीं।
मां और 7 साल की बेटी की मौत
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार मीनू देवी और उनकी सात वर्षीय बेटी अनिष्का को काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में राधिका को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल
घटना के बाद तीनों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मीनू देवी और अनिष्का को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राधिका का उपचार किया गया।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
Udham Singh Nagar
बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया तो कर दी हत्या, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

Khatima News : ऊधम सिंह नगर के खटीमा में युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके पिता को भारी पड़ गया। मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों भाइयों ने युवती के पिता के साथ मारपीट की और इसी दौरान चारपाई की पाटी से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
Table of Contents
बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया तो कर दिया सिर पर वार
पुलिस के अनुसार घटना 27 सितंबर की है। खटीमा क्षेत्र में एक युवती सरकारी नल से पानी लेने गई थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगा। युवती के पिता ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संजय और उसके भाई सुभाष ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान संजय ने चारपाई की पाटी से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।\
इलाज के दौरान पिता की मौत
घायल व्यक्ति को परिजनों ने इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन 28 सितंबर को रास्ते में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर खटीमा कोतवाली में धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामला गंभीर होने के चलते एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक, खेतल संडा खाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय संजय और 33 वर्षीय सुभाष, दोनों पुत्र रामभरोसे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों सगे भाई हैं। बुधवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Udham Singh Nagar
बाजपुर में मदरसा सील होने पर हड़कंप, संचालक ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

Bazpur News : उधम सिंह नगर के बाजपुर में प्रशासन ने मदरसा जामिया हनफिया रज़ाउल उलूम को सील कर दिया। इस कार्रवाई को राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल देखने को मिली।
Table of Contents
बाजपुर में मदरसा सील होने पर हड़कंप
बाजपुर में मदरसा सील होने पर हड़कंप मच गया है। मदरसा संचालक इरशाद अली ने सीलिंग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मदरसे के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले से चल रही थी और इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा कराया जा चुका था।
संचालक ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
संचालक के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारियों को रजिस्ट्रेशन आवेदन से जुड़े दस्तावेज और शुल्क जमा करने की रसीद भी दिखाई गई थी। इसके बावजूद टीम ने मदरसे को सील कर दिया।

इरशाद अली का कहना है कि जब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी थी, तो आखिर किस आधार पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की वजह स्पष्ट करने और पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने की मांग की है।
कार्रवाई के बाद मदरसा संचालक ने जताया विरोध
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम अधिकारियों की मौजूदगी में मदरसा परिसर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के बाद मदरसा संचालक ने विरोध जताते हुए प्रशासन की प्रक्रिया और फैसले पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई के विस्तृत आधार को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।













































