Accident
पिथौरागढ़: धारचूला में दर्दनाक हादसा….खाई में गिरी पिकअप, एक घायल, चालक लापता; रेस्क्यू अभियान जारी

पिथौरागढ़: सीमांत धारचूला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तवाघाट से धारचूला की ओर आ रही एक पिकअप वाहन एलागाड़ के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में दो लोग सवार थे, जिनमें से एक घायल को रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि चालक अब तक लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें संयुक्त रूप से लापता युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।
150 मीटर गहराई में जा गिरा वाहन
थाना प्रभारी विजेंद्र शाह ने बताया कि दुर्घटना बड़गांव ब्रिज के पास हुई, जहां पहाड़ी से गिरे भारी पत्थर के चलते वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह करीब 150 मीटर गहरी खाई में काली नदी के किनारे जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस बल, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एक घायल, चालक लापता
हादसे में घायल युवक की पहचान रितिक घोष (24 वर्ष), निवासी रेजीनगर, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वह HCC कंपनी में कार्यरत है और फिलहाल धारचूला के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं वाहन का चालक अब भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए शनिवार सुबह से पुनः सघन खोजबीन शुरू कर दी गई है। रात के समय भारी बारिश और अंधेरे के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं।
लगातार हो रहे हादसे, मौसम बना मुसीबत
जिले में इन दिनों लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुछ दिन पहले घाट-टनकपुर मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसमें सवार 5 लोग सुरक्षित बचा लिए गए थे। मुवानी में एक माह पूर्व हुई जीप दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई थी। देवतपुरचौड़ा गांव में पहाड़ी से गिरे बोल्डर से एक 11 वर्षीय किशोर की जान चली गई थी।
सावधानी जरूरी, स्कूलों में छुट्टी
प्रशासन ने बारिश की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को जिले भर के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी किए गए मौसम अलर्ट का पालन करें।
Champawat
चंपावत-लोहाघाट हाईवे पर भीषण हादसा, खाई में गिरी कार फिर लगी आग, 2 की मौके पर ही मौत

Champawat Accident : चंपावत जिले के लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बंतोली गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
चंपावत-लोहाघाट हाईवे पर भीषण हादसा
हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर एनएच पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन गहरी खाई में गिरने के बाद जोरदार धमाके के साथ आग की चपेट में आ गया।
खाई में गिरी कार फिर लगी आग, हादसे में 2 की मौत
हादसे में वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (48 वर्ष), निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार बलदेव कुमार (36 वर्ष), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ वाहन में आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी भी मौत हो गई।

हादसे में दो बच्चों समेत तीन घायल
दुर्घटना में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36 वर्ष), पुत्री अक्षिता (8 वर्ष) तथा पुत्र आरव (5 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस फायर एवं एसडीआरएफ राहत-बचाव दल की मदद से तीनों घायलों को खाई से निकालकर आपातकालीन वाहन के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
big news
देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौके पर मौत

Dehradun Accident : देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राफिक एरा तिराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
Table of Contents
देहरादून में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तिब्बती कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय कर्मा स्कूटी से आईएसबीटी की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ग्राफिक एरा तिराहे के निकट उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बुजुर्ग की मौके पर ही मौत
घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। साथ ही सड़क पर लगे जाम को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।

पुलिस ने ट्रक चालक को लिया हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
क्लेमेनटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि चालक को मौके से हिरासत में लेकर थाने लाया गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
almora
अल्मोड़ा में अनिंयत्रित होकर खाई में गिरा मैक्स वाहन, जागेश्वर धाम के दर्शनों के लिए जा रहे थे सभी

Almora News : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
Table of Contents
अनियंत्रित होकर खाई में गिरा मैक्स वाहन
जागेश्वर में एक मैक्स वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में चार बच्चों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया, जहां दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
जागेश्वर धाम की यात्रा पर निकले थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग टनकपुर मेले में व्यापारिक गतिविधियां पूरी करने के बाद परिवार के साथ कैंची धाम और जागेश्वर धाम की यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान बाड़ेछीना क्षेत्र में चालक निर्धारित मार्ग के बजाय गलती से धौलछीना रोड की ओर चला गया।

बताया जा रहा है कि बाड़ेछीना से करीब एक किलोमीटर आगे बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद मैक्स वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में कई परिवार के सदस्य और बच्चे सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संयुक्त रूप से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।







































